165. ज़िन्दगी कुछ भी हो ये आज बताना है मुझे
ज़िन्दगी कुछ भी हो ये आज बताना है मुझे
कौन-सा क़र्ज़ है वो जिसको चुकाना है मुझे
आँधियाँ आके दोराहे पे खड़ी हो जाएँ
इक नया दीप सरे-राह जलाना है मुझे
शीशमहलों की चमक देख के तेरी ख़ातिर
संग-रेज़ों से ख़राबे को सजाना है मुझे
देखता क्या है तू मुड़-मुड़के तेरा साया हूँ
साथ आया हूँ तो फिर साथ ही जाना है मुझे
जब ये महिवाल है सोहनी का दीवाना "माँझी"
फिर तो ये कच्चा घड़ा पार लगाना है मुझे
-देवेन्द्र माँझी
शब्दार्थ--1. संग-रेज़ों से=कंकर-पत्थरों से, 2. ख़राबे को=वीराना, खंडहर।
No comments:
Post a Comment